भोपाल. मध्यप्रदेश की राजनीति में ज्योतिरादित्य सिंधिया केन्द्र बिन्दु में हैं। ज्योतिरादित्य सिंधिया के भाजपा में शामिल होने के बाद शिवराज कैबिनेट में उनका दबदबा देखने को मिला है। वहीं, दूसरी तरफ कांग्रेस लगातार ज्योतिरादित्य सिंधिया पर हमले कर रही है। आज नागपंचमी है। नागपंचमी के मौके पर पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव ने ज्योतिरादित्य सिंधिया पर विवादित पोस्ट किया है।
अरुण यादव की विवादित टिप्पणी
अरुण यादव ने ज्योतिरादित्य सिंधिया पर विवादित टिप्पणी की है। ज्योतिरादित्य सिंधिया का फोटो पोस्ट करते हुए अरुण यादव ने लिखा- नागपंचमी की शुभकामनाएं। हालांकि ये पोस्ट करने के बाद अरुण यादव सोशल मीडिया में ट्रोल होने लगे हैं।
यूजर्स ने दिया जवाब
अरुण यादव की पोस्ट पर यूजर्स ने कई तरह के जवाब दिए हैं। एक यूजर्स ने लिखा- तुम जलन बरकारार रखो, सिंधिया जी जलवा बरक़रार रखेगे। वहीं, एक यूजर्स ने कहा- आपकी नाक के नीचे से 2 विधायक गायब हो गए !! आप कुछ नही कर पाए। अरुण यादव की पोस्ट पर टिप्पणी करते हुए एक यूजर ने कहा- सिंधिया जी दर्द ही ऐसा दिए हैं कि तुम भूल नहीं पा रहे हो।
केके मिश्रा ने भी की विवादित टिप्पणी
कांग्रेस प्रवक्ता केके मिश्रा ने भी नागपंचमी के मौके पर एक राजनीतिक टिप्पणी की है। उन्होंने लिखा- नागपंचमी की हार्दिक शुभकामनाएं, मप्र में तस्करों (राजनैतिक) से दो मुंहे सांप पकड़ाए? एक गद्दारों-बिकाऊओं को खरीद सरकार बचा रहा है? दूसरा विचारधारा से हटकर अपने घर घुसने वाले बिकाऊओं पर चिंतन?