रायपुर. छत्तीसगढ़ तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष कैलाश मुरारका को भारतीय तीरंदाजी संघ (एएआई) के आयोजन कमेटी का चेयरमैन नियुक्त किया है। इसके बाद कैलाश मुरारका देशभर में होने वाली राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय तीरंदाजी खेल गतिविधियों को आयोजित करने की पूरी व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालेंगे। वे ही देशभर के तीरंदाजी प्रदेश ईकाईयों से आयोजन के संबंध में पत्र व्यवहार आदि भी करेंगे। अध्यक्ष मुरारका ने आयोजन कमेटी का चेयरमैन नियुक्त करने पर भारतीय तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष अर्जुन मुंडा और अन्य पदाधिकारियों को आभार व्यक्त किया है।
डॉ. प्रमोद साहू बने रायपुर महानगर क्षेत्र कबड्डी संघ के निर्विरोध अध्यक्ष
रायपुर. रायपुर महानगर कबड्डी संघ के पंडरी स्थित कार्यालय में गुरुवार को हुए चुनाव में नगर निगम में चार बार के पार्षद डॉ. प्रमोद कुमार साहू को सर्वसम्मति से निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया। चुनाव में महानगर कबड्डी संघ में उपाध्यक्ष गौतम राहा, डॉ. रामानंद यदु, सचिव विशाल उपाध्याय,सहसचिव मंजू रजक, कोषाध्यक्ष पुरुषोत्तम साहू, कार्यकारिणी सदस्यों के रूप में बुद्धेश्वरी साहू, आशिष साहू, हीरा सिंह धु्रव और भोलाराम साहू चुने गए। उक्त चुनाव सम्पन्न करवाने चुनाव अधिकारी के रूप में सेवानिवृत्त खेल निदेशक परमानंद टिकहरिया, छत्तीसगढ़ कबड्डी संघ की ओर से पर्यवेक्षक के रूप में महासमुंद जिला कबड्डी संघ के अध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल विशेष रूप से उपस्थित थे।