रायपुर. कांग्रेस प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया (Chhattisgarh Congress in Charge PL Punia) कांग्रेस समन्वय समिति की बैठक में शामिल होने रायपुर के एक होटल पहुंचे, लेकिन वहां बड़ी संख्या में दावेदारों और कार्यकर्ताओं की भीड़ देखकर भड़क उठे।
होटल में दावेदारों की भीड़ देख कर कांग्रेस प्रदेश प्रभारी पुनिया (Congress Leader PL Punia) ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा, चेहरा दिखाने से नहीं कोई लाभ मिलेगा, पार्टी के लिए संघर्ष करने वाले कार्यकर्ताओं के चेहरे हमें याद हैं। दरअसल, निगम मंडलों की दूसरी सूची पर चर्चा को लेकर कांग्रेस समन्वय समिति की बैठक चल रही है। वहीं बड़ी संख्या में प्रदेशभर से निगम मंडल के दावेदार पहुंचे। इसी बीच कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए कार्यकर्ता सोशल डिस्टेंसिंग का पालन भी नहीं करते दिखे।
बता दें कि कांग्रेस प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया छत्तीसगढ़ के निगम मंडलों की दूसरी सूची पर विस्तार से चर्चा करने शुक्रवार शाम रायपुर पहुंचे।
इसके साथ ही संगठन विस्तार को लेकर भी वे प्रदेश के पदाधिकारियों से बातचीत करेंगे। इस लिहाज से उनका यह दौरा काफी महत्वपूर्ण है। एयरपोर्ट पर भी इसकी झलक साफ दिखाई दी। उनके स्वागत के लिए बड़ी संख्या में प्रदेशभर से निगम मंडल के दावेदार पहुंचे थे।
एयरपोर्ट पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए कांग्रेस प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया ने इस बात के संकेत दिए हैं कि निगम मंडलों की दूसरी सूची में संघर्ष करने वालों को जगह दी जाएगी। उन्होंने कहा, भाजपा के 15 साल के भ्रष्ट शासन को हटाने के लिए जिन्होंने संघर्ष किया उन सबके चेहरे याद हैं। निगम मंडल नियुक्ति की प्रक्रिया जारी है।
उन्होंने कहा, कुछ पहली मीटिंग में तय हुआ, कुछ कल तय होगा। उन्होंने इस बात को साफ कर दिया कि अभी सभी नामों की घोषणा नहीं होगी। पुनिया ने कहा, कुछ नाम आने वाले समय में तय होंगे। निगम मंडल के अलावा संगठन के कामकाज और रणनीति पर भी चर्चा होगी। उन्होंने राम वन गमन पथ को लेकर कहा कि छत्तीसगढ़ अपनी परंपराओं को देखते हुए ही कदम उठा रहा है।